लखनऊ से लेकर हैदराबाद तक करोड़ों देने को तैयार थी, लेकिन इस टीम ने बेन स्टोक्स पर लगा दी सबसे बड़ी बोली

सीएसके और धोनी के फैंस एक बार फिर अपने थाला और इंग्लैंड के धुरंधर खिलाड़ी बेन स्टोक्स को एक साथ एक ही टीम के लिये खेलते देखने वाले हैं। कोच्ची में हुए आईपीएल-2023 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ में अपने खेमे में शामिल कर लिया है।

बता दें कि बेन स्टोक्स और एम एस धोनी इससे पहले भी आईपीएल में एक ही टीम के लिये खेल चुके हैं। साल 2017 में इन दोनों को राइजिंग पुणे सुपर जाइनट्स के लिये खेलते देखा गया था। उस वक्त भी टीम की कमान एम एस धोनी के हाथों में थी। साल 2018 में स्टोक्स को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था, जबकि मेगा ऑक्शन में वे हिस्सा नहीं ले पाये थे।

स्टोक्स पर पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने करोड़ों की बोली लगायी, लेकिन सीएसके ने पक्का दांव खेलते हुए स्टोक्स को अपने साथ जोड़ लिया। बेन स्टोक्स पर कई फ्रेंचाइजियों ने नजरें गड़ाई हुई थी, क्योंकि इंग्लैंड का ये हरफनमौला खिलाड़ी पिछले कुछ समय से क्रिकेट के मैदान पर अपना जलवा बिखेर रहा है।

अपनी टीम को वनडे और फिर टी20 वर्ल्ड कप जिताने में स्टोक्स ने अहम योगदान दिये। हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में जब इंग्लैंड पाकिस्तान के सामने हारता हुआ दिख रहा था, तब स्टोक्स ने मैच विनिंग पारी खेल टीम को खिताब दिलवाने में मदद की। ऐसे में उन पर बड़ी से बड़ी बोली लगने की संभावनाएं पहले से ही थी।

बेन स्टोक्स ने आईपीएल के 43 मैचों में 920 रन बनाये हैं। गेंद से कमाल दिखाते हुए उन्होंने 28 विकेट भी लिये हैं।

बेन स्टोक्स के हमवतन ऑलराउंडर सैम कर्रन ने भी कमाल का प्रदर्शन किया था, जिसकी बदौलत वे आईपीएल 2023 की मिनी नीलामी में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी साबित हुए। सैम कर्रन को पंजाब किंग्स ने साढ़े 18 करोड़ देकर अपने खेमे में जोड़ा है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *